Wednesday, April 24, 2024
HomeSportsCricketIPL 2023 से पहले CSK से जुड़े बेन स्टोक्स, धोनी की कप्तानी...

IPL 2023 से पहले CSK से जुड़े बेन स्टोक्स, धोनी की कप्तानी में पहली बार खेलेंगे

आईपीएल 2023 की शुरुआत 31 मार्च से होने वाली है। इसके लिए बीसीसीआई ने लगभग सारी तैयारियां भी पूरी कर ली है। दूसरी ओर सभी टीमों के खिलाड़ी भी आगामी टूर्नामेंट के लिए अभ्यास शुरू कर चुके हैं। इतना ही नहीं, विदेशी खिलाड़ी भी धीरे-धीरे अपनी-अपनी टीमों के कैम्प से जुड़ रहे हैं। हाल ही में इंग्लैंड के ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी मोईन अली के साथ चेन्नई पहुँचे। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उनकी वीडियो शेयर की है।

बता दें कि, चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने बेन स्टोक्स को आईपीएल 2023 के मिनी-ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत पर खरीदा था। इसके अलावा मोईन अली 2021 से ही CSK के साथ जुड़े हुए हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2022 के मेगा-ऑक्शन से पहले रिटेन किया था।

बेन स्टोक्स और महेंद्र सिंह धोनी फिर से साथ

यह पहली बार नहीं है जब बेन स्टोक्स महेंद्र सिंह धोनी के साथ आईपीएल खेलते हुए नजर आएंगे बल्कि इससे पहले भी दोनों खिलाड़ी 2017 में एक दूसरे के साथ राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की ओर से खेलते हुए नजर आ चुके हैं। उस सीजन स्टीव स्मिथ की कप्तानी में पुणे ने फाइनल तक का सफर तय किया था, जहाँ उन्हें मुम्बई इंडियंस के खिलाफ मात्र 1 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स पर 2 सालों का प्रतिबंध लगने के बाद एमएस धोनी को 2016 में नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की कप्तानी सौंपी गई थी। लेकिन उस सीजन टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने 2017 के सीजन से पहले कप्तानी छोड़ दी थी और स्टीव स्मिथ ने यह जिम्मेदारी संभाली थी। यह पहली बार था जब धोनी किसी दूसरे कप्तान के नेतृत्व में आईपीएल खेलते हुए नजर आए थे।

बता दें कि, टी20 वर्ल्ड कप 2022 चैम्पियन बेन स्टोक्स पहली बार एमएस धोनी की कप्तानी में आईपीएल खेलते हुए नजर आएंगे। कई सारे लोगों का यह भी मानना है कि वह आगे चलकर सीएसके के कप्तान भी बन सकते हैं। क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि धोनी इस साल आईपीएल सहित भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे और ऐसे में स्टोक्स उनकी जगह लेने के प्रबल दावेदार हैं।

बेन स्टोक्स का आईपीएल करियर 

बेन स्टोक्स के बारे में अधिक बात करें तो उन्होंने साल 2017 में अपना आईपीएल करियर शुरू किया था। उस सीजन राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने उन्हें 14.5 करोड़ रुपए की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा था। वह उस सीजन के ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी भी थे।

इसके बाद आईपीएल 2018 के मेगा-ऑक्शन में उन्हें राजस्थान रॉयल्स द्वारा 12.5 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत पर खरीदा। वह इस ऑक्शन में भी सबसे महँगे बिकने वाले खिलाड़ी थे। तब से लेकर 2021 तक वह राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा बने रहे। 

लेकिन टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने के उद्देश्य से उन्होंने आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में अपना नाम रजिस्टर नहीं कराया था। इसी साल अप्रैल में उन्हें इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान भी बनाया गया था। हालांकि, स्टोक्स ने आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में हिस्सा लिया और 16.25 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत के साथ वह तीसरे सबसे मँहगे बिकने वाले खिलाड़ी के रूप में उभरे।

IPL में बेन स्टोक्स के आँकड़े 

बेन स्टोक्स के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो वह 2017 से लेकर 2021 तक कुल 43 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 42 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 25.56 की औसत और 134.5 की स्ट्राइक रेट से 920 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 37 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 8.56 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 34.79 की औसत से 28 विकेट भी चटकाए हैं। 

यदि चेन्नई सुपर किंग्स के बारे में अधिक बात करें तो आईपीएल 2022 के शुरू होने से ठीक पहले महेंद्र सिंह धोनी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए कप्तानी छोड़ दी थी, जिसके चलते रविंद्र जडेजा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि, जडेजा की कप्तानी में CSK का प्रदर्शन काफी खराब रहा और साथ ही साथ उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन पर भी असर पड़ा। इसी को ध्यान में रखते हुए बीच सीजन उन्होंने कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया और एक बार फिर से धोनी यह जिम्मेदारी निभाते हुए देखे गए।

हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स पिछले सीजन खराब प्रदर्शन के चलते प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी। इस सीजन वह प्लेऑफ में जगह बनाने और ट्रॉफी जीतने को देखेंगे। बेन स्टोक्स, मोईन अली और रविंद्र जडेजा जैसे ऑलराउंडर खिलाड़ियों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी, क्योंकि ये खिलाड़ी उनके लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -